सही दिनचर्या और व्यायाम से लम्बा होगा जीवन

स्वास्थ्य : चिकित्सा विज्ञान की मदद से शरीर की जांच कराकर भीतर पनपती बीमारियों का नाश करने और शरीर में हो रही विटमिन्‍स, कैल्शियम आदि की कमियां दूर करने की कोशिशें हो रही हैं। विशेषज्ञों के रिसर्च के बाद नींद व व्यायाम पर ध्यान और आर्गेनिक फूड का इस्तेमाल करने को कहा जा रहा है। तन-मन का ध्यान रखने से आज विश्व भर में 100 साल से ज्यादा आयु वाले लोगों की संख्या बढ़ गई है और प्रति वर्ष इसमें इजाफा हो रहा है। आज अमेरिका, जापान और चीन के बाद भारत में सौ साल से ऊपर के सबसे ज्यादा लोग हैं। वेद में सौ साल तक जीने के लिए ‘जीवेत शरदः शतम’ नामक प्रार्थना का वर्णन है। आयुर्वेद में लम्बी आयु के लिए दिनचर्या, रात्रिचर्या और ऋतुचर्या का विस्तार से वर्णन किया गया है, जिसे अपनाकर व्यक्ति स्वस्थ रहता हुआ सौ साल तक जी सकता है। भारत में इसकी जानकारी होने पर भी लोगों ने इसको नहीं अपनाया। नतीजतन भारतीयों की आयु कम हो गई। ऐसा सोच लिया जाता है कि यदि आज व्यायाम और दिनचर्या पर ध्यान देंगे तो कल जीवन लंबा होगा जबकि आज का व्यायाम वैसे ही आज लाभ देगा जैसे घर में आज की सफाई, घर को आज चमकाएगी। फिर जब अगला दिन आए तो फिर व्यायाम, आहार, नींद और मन की शांति पर ध्यान दें। इस प्रकार प्रतिदिन ध्यान देने से शरीर का स्वास्थ्य और उम्र बढ़ती जाएगी। यदि स्वस्थ और लम्बी उम्र चाहिए तो साधक बनना पड़ेगा। साधक तो अभी का आनंद लेते हुए स्व में स्थित होकर योगमय जीवन जीता चला जाता है। यदि भोग के लिए उम्र लम्बी चाहिए तो बीमार होने की सम्भावना ज्यादा होगी और यदि योग के लिए जीवन लम्बा चाहिए तो स्वस्थ रहने की सम्भावना ज्यादा होगी। इच्छाएं, भोग और विकार तन और मन को बीमार कर उम्र छोटी कर देते हैं, जबकि निरीच्छा, प्रेम और योगमय जीवन आयु को लम्बा करने में सहायक होते हैं। अष्टावक्र गीता में कहा है कि जीने की कामना और भोगने की वासना किसी भाग्यशाली की ही शांत होती है। अतः जब जीने की कामना के साथ भोगने की वासना जोड़ते हैं, तब जीवन भोगवादी हो जाता है। यदि भोगने की वासना ही शांत हो जाए तो जीने की कामना स्वयं शांत हो जाएगी।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

वृष राशि वालों के लिए बेहद शुभ है नवम्बर 2020

26 नवम्बर 2020 को है देवउठनी एकादशी, शुरू होंगे शुभ कार्य

15 मई से सूर्य मेष से वृषभ राशि में जाएंगे, जानें किन राशियों पर क्या प्रभाव पड़ेगा