नवंबर 2021 में पड़ेगी तीन एकादशी, बेहद शुभ
ज्योतिष। शास्त्र के अनुसार हर माह दो एकादशी की तिथि पड़ती है-पहला कृष्ण और दूसरा शुक्ल पक्ष। नवंबर 2021 में तीन एकादशी तिथि पड़ेगी। धार्मिक रूप से एक महीने में तीन एकादशी तिथियों का आना बेहद शुभ माना जा रहा है। 1, 14 और 30 तारीख को एकादशी तिथि पड़ रही हैं। 14 नवंबर 2021 को देवउठनी एकादशी है इसे देवोत्थान एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। देवउठनी एकादशी के बाद से विवाह समेत शुभ कार्य शुरू हो जाते हैं। देवउठनी ग्यारस के ठीक एक दिन बाद यानी 15 नवंबर को माता तुलसी और सालिग्राम का विवाह सनातन धर्म के प्राय: हर घर में संपन्न होता है। मान्यता है कि इस दिन विधि-विधान से व्रत व भगवान विष्णु का पूजन करने वाले भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की एकादशी की शुरुआत 31 अक्टूबर को दोपहर 2 बजकर 27 मिनट से हो रही है, जो अगले दिन 1 नवंबर को दोपहर 1 बजकर 21 मिनट तक है। कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की एकादशी को रमा एकादशी कहते हैं।
पूजन विधि : सुबह जल्दी उठकर स्नान आदि से निवृत्त हो जाएं। घर के मंदिर में दीप प्रज्वलित करें। भगवान विष्णु का गंगा जल से अभिषेक करें। भगवान विष्णु को पुष्प और तुलसी दल अर्पित करें। अगर संभव हो तो इस दिन व्रत भी रखें। भगवान की आरती करें। भगवान को भोग लगाएं। इस बात का विशेष ध्यान रखें कि भगवान को सिर्फ सात्विक चीजों का भोग लगाया जाता है। भगवान विष्णु के भोग में तुलसी को जरूर शामिल करें। ऐसा माना जाता है कि बिना तुलसी के भगवान विष्णु भोग ग्रहण नहीं करते हैं। इस पावन दिन भगवान विष्णु के साथ ही माता लक्ष्मी की पूजा भी करें। मान्यता है कि ऐसा करने से सुख-समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें