क्यों मनाया जाता है शारदीय नवरात्रि!
शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन शुक्ल और ब्रह्म योग
आस्था। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार इस साल यानि 2022 में नवरात्रि 26 सितम्बर से शुरू होकर 5 अक्टूबर को समाप्त होगी। वहीं महा नवमी 4 अक्टूबर को मनाई जायेगी, जबकि दुर्गा अष्टमी 3 अक्टूबर को है। इस साल अश्विन मास की नवरात्रि में मां दुर्गा गज यानी कि हाथी पर सवार होकर आ रही हैं। मां दुर्गा की हाथी की सवारी को खेती और फसलों के लिए शुभ माना जाता है, इससे धन-धान्य के भंडार भरे रहते हैं। साथ ही यह बारिश होने की भी सूचक है। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन यानि घटस्थापना के लिए दिन भर का समय बहुत शुभ रहेगा। इस दौरान शुक्ल और ब्रह्म योग का अद्भुत संयोग बन रहा है, जिसे पूजा-पाठ और शुभ योगों के लिए बहुत शुभ माना गया है।
मां दुर्गा का आवाहन मंत्र है-
ॐ जयन्ती मंगला काली भद्रकाली कपालिनी।
दुर्गा क्षमा शिवा धात्री स्वाहा स्वधा नमोऽस्तुते।।
नवरात्रि और दशहरे से जुड़ी कथा के अनुसार-माता सीता का हरण करके ले गए रावण से युद्ध करने से पहले भगवान श्रीराम ने 9 दिन तक अनुष्ठान करके मां दुर्गा का आर्शीवाद लिया था और फिर 10वें दिन रावण का वध किया था। इस कारण 9 दिन तक मां दुर्गा की आराधना करने के बाद रावण दहन करके दशहरा मनाया जाता है। वहीं दूसरी कथा के अनुसार महिषासुर नाम के दैत्य और मां दुर्गा द्वारा उसके संहार के चलते मनाया जाता है। पौराणिक कहानी के अनुसार महिषासुर नाम के दैत्य को ब्रह्मा जी से अमर होने का वरदान मिला था, जिससे वह देवताओं को खूब सताता था। एक बार महिषासुर के अत्याचार से परेशान होकर सभी देवता भगवान शंकर, विष्णु और ब्रह्मा के पास गए। तब उन्होंने आदि शक्ति का आह्वान किया और एक तेज प्रकट हुआ जो कि नारी के रूप में बदल गया। यह देवी दुर्गा थीं। देवी दुर्गा ने महिषासुर को ललकारा और उनके बीच 9 दिन तक भयंकर युद्ध चला। 10वें दिन मां दुर्गा ने महिषासुर का वध कर दिया। मान्यता है कि इन 9 दिनों के दौरान देवताओं ने रोज देवी की पूजा-आराधना कर उन्हें बल प्रदान किया था। तब से ही नवरात्रि का पर्व मनाया जाता है और इस दौरान मां दुर्गा के 9 रूपों की आराधना की जाती है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें