लखनऊ में उत्साह से मनाया गया वट सावित्री व्रत
महिलाओं ने की पति के लम्बी उम्र व सौभाग्यवती होने की कामना
आस्था : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज यानि दस जून 2021 को वट सावित्री का पर्व उत्साह से मनाया गया। काफी संख्या में महिलाओं ने बरगद का पूजन किया और अपने पति की लम्बी उम्र की कामना की। हालांकि लखनऊ में आज सुबह जोरदार बारिश हुई, लेकिन महिलाओं की आस्था में कमी नहीं आई और छाता लेकर वट सावित्री का पूजन किया। वट सावित्री पर्व पर महिलाएं सोलह श्रृंगार करके वट पूजन कर रही थीं, जो देखते ही बन रहा था। कई महिलाओं ने इस अवसर पर तरह-तरह के वृक्ष भी लगाये।
पंडित अभिषेक त्रिपाठी
लखनऊ में सेक्टर सी-जानकीपुरम स्थित महामंगलेश्वर, शनि मंदिर के पुजारी पंडित अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि मातृशक्ति हर साल यहां पूजन के लिए आती हैं। वट पूजन की पूर्व संध्या पर हम लोग यहां साफ—सफाई करते हैं और वृक्ष स्थल का गाय के गोबर से लिपाई भी करते हैं। इसके अलावा उन्होंने बताया कि इस दिन सावित्री व सत्यावान की कथा सुनाई जाती है। इस कथा के सुनने से दाम्पत्य जीवन और सुखमय हो जाता है, पति—पत्नी में विश्वास की भावना और बढ़ जाती है।
इस कथा को सुनने के बाद मातृशक्ति का आत्मविश्वास और मजबूत हो जाता है, मातृशक्ति ऐसा महसूस करती हैं कि पति पर कोई भी संकट आये, वह उसे दूर कर सकती हैं, जैसे सावित्री माता ने किया था। महिलाएं वट यानि बरगद में सात बार परिक्रमा लगाकर धागा लपेटती हैं और सौभाग्यवती होने की कामना करती हैं।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें